श्रीनगर में कारों पर चढ़ी बर्फ की मोटी चादर, राजस्थान में गिरे ओले; पंजाब के 11 जिलों में हो सकती है बारिश

गिलगिट-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले 24 घंटे के दौरान भी भारी बारिश या हिमपात होने का अनुमान है। पंजाब, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। मंगलवार को कश्मीर में भारी बर्फबारी हुई तो राजस्थान में ओलावृष्टि। गुजरात और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश स्थानों पर, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती क्षेत्र में तापमान सामान्य से 1.6 से 3.0 डिग्री ऊपर रहा।

MP के भोपाल में धूप निकली तो 6 डिग्री बढ़कर 25 के पार पहुंचा दिन का तापमान

हवा का रुख बदलते ही मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज भी बदल गया। मप्र की राजधानी भोपाल में मंगलवार दोपहर बाद घने बादल छंटे तो धूप निकली। इससे दिन के तापमान में 6 डिग्री का इजाफा हुआ। दिन का तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। रात का तापमान 16.7 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहा। यह पिछले 5 साल में जनवरी में रात का सबसे ज्यादा तापमान है।

मध्यप्रदेश के रायसेन में बारिश से सड़कें गीली हो गईं, इस दौरान कोहरा भी छाया।

राजस्थान के कई जिलों में सुबह घना कोहरा, सबसे कम पारा श्रीगंगानगर में

कड़ाके की सर्दी के बाद अब राजस्थान में बारिश-ओलों का दौर जारी है। लगातार पांचवें दिन जयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, अलवर सहित प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ओले गिरे। सुबह घना कोहरा रहा। सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में 2 इंच, जयपुर के सांभर में पौन दो इंच बरसात हुई। हालांकि, बारिश के बाद भी पारा 10 डिग्री तक उछाल आया। सबसे अधिक पारा पिलानी में बढ़ा। यहां रात का पारा 4 डिग्री से 14.1 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा सभी शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से अधिक ही रिकॉर्ड हुआ।

राजस्थान के झुनझुनूं में देर तक बारिश हुई और सड़कों में पानी भर गया।

हवा में ज्यादा नमी से CG में बचा रह गया सिर्फ कोहरा

सर्दी कम होने के बाद कोहरा अब भी बरकरार है। छत्तसीगढ़ के सबसे ठंडे जिले अंबिकापुर में दिन और रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक ऊपर चला गया है। उत्तर के बजाय दक्षिण-पूर्व से आ रही हवा में नमी ज्यादा है, इसलिए ठंड कम हुई है। ठंड के नाम पर इसी नमी की वजह से आउटर में सुबह और रात में हल्का कोहरा ही बच गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जब तक पश्चिम विक्षोभ का असर खत्म नहीं होता, ठंड नहीं बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़ के धमतरी में सुबह 6 बजे कोहरे के बीच बैठे पक्षी का चित्र।

हिमाचल में बर्फबारी के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों की मुश्किलें बढ़ीं

कड़ाके की ठंड और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिला शिमला में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार दोपहर बाद हिमाचल में करीब 56 रूट बंद हुए हैं। बीते 24 घंटों में शिमला का तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी मौसम खराब रहेगा और लगातार बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा। शहर के साथ लगते पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा यातायात के लिए बंद हो गया है।

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद ठंड काफी बढ़ गई। फोटो में मौसम का आनंद लेते पर्यटक।

पंजाब में रात का पारा पहुंचा 14 डिग्री

राज्य के कई जिलों में बूंदाबांदी हुई। इससे दिन का औसतन पारा 18 डिग्री, जबकि रात का पारा 14 डिग्री तक पहुंच गया। जालंधर में देररात गरज के साथ बारिश हुई। हवा का लो प्रेशर अगले 2 दिन सक्रिय रहेगा। दिन की शुरुआत में गहरी धुंध से होगी। 11 जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, रूपनगर में बुधवार को बंदाबांदी के आसार हैं।

लुधियाना में बारिश के बाद अधिकतम तापमान 23.20 और न्यूनतम 12.20 हो गया।

बिहार में दो दिनों बाद तापमान में आएगी गिरावट, बढ़ेगी ठंड

पटना में जनवरी महीने में कड़ाके ठंड की जगह गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम में यह बदलाव नम हवाओं की वजह से आसमान में छाए बादलों के कारण है। इससे पूरे बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकाॅर्ड किया गया। मौसम की यह स्थिति 48 घंटों तक बनी रहेगी। जिसके बाद हवा शुष्क हो जाएगी। पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी का असर पटना सहित बिहार के सभी हिस्सों में दिखेगा।

तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मंगलवार को पटना में तापमान स्थिर रहा। अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। इससे पहले 5 जनवरी, 2020 को अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री और न्यूनतम 12.5 डिग्री था। बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
श्रीनगर में मंगलवार को भारी बर्फबारी हुई, जिसके बाद सड़कों पर खड़ी गाड़ियों पर बर्फ की मोटी चादर पड़ गई।


from
/local/delhi-ncr/news/thick-sheets-of-snow-hit-cars-in-srinagar-hail-fell-in-rajasthan-11-districts-of-punjab-may-get-rain-128093516.html

Post a Comment

0 Comments